कुलगाम | जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियान के दौरान कुलगाम में सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया। इस कार्रवाई पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खुशी जताते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि संयुक्त अभियान में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला।
अमित शाह ने सुरक्षा बलों को दी बधाई
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सुरक्षा बलों की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए ऑपरेशन में बुधवार तड़के कुलगाम में लश्कर के स्थानीय सक्रिय आतंकवादी लतीफ भट को मार गिराया गया।
अमित शाह ने यह भी बताया कि इससे एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी उमर निसार को भी ढेर किया गया था। उन्होंने संयुक्त अभियान में शामिल जवानों की बहादुरी और समन्वय की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश सुरक्षा बलों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।
सीआरपीएफ चौकी पर हमले के मामले में वांछित था लतीफ भट
जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुताबिक, संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकवादी की पहचान कुलगाम जिले के खेरवान निवासी मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। उसे लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, भट 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था। सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
मस्जिद में छिपा था आतंकी, सरेंडर करने से किया इनकार
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव स्थित एक मस्जिद में शरण ले रखी थी। सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार अपील की, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में लतीफ भट मारा गया। घटनास्थल से उसका शव और एक हथियार भी बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों के इस संयुक्त अभियान को जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई की अहम सफलता माना जा रहा है।