गांधी सागर | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आज गांधी सागर में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत 'वंदे मातरम्' के गान के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव का साफा पहनाकर और अंगवस्त्रम भेंट कर अभिनंदन किया गया। मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों का भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

गांधी सागर पर्यटन पर ब्रोशर और डिजिटल कॉफी टेबल बुक का विमोचन

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गांधी सागर के पर्यटन स्थलों पर आधारित ब्रोशर और डिजिटल कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इनका उद्देश्य क्षेत्र के पर्यटन स्थलों और उनकी विशेषताओं को लोगों तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने गांधी सागर में पर्यटन को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में 'आस्क एआई' और क्यूआर कोड आधारित पर्यटन गाइड का भी शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने 'डेस्टिनेशन गांधी सागर' पर केंद्रित लघु फिल्म का अवलोकन किया।
गांधी सागर में चीतों की मौजूदगी पर आधारित पेंटिंग भेंट

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव को गांधी सागर क्षेत्र में चीतों की उपस्थिति पर आधारित एक पेंटिंग और चीते की प्रतिकृति भी भेंट की गई। बैठक के साथ आयोजित इन गतिविधियों में गांधी सागर को पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाने और पर्यटकों तक इसकी जानकारी आधुनिक डिजिटल माध्यमों से पहुंचाने पर विशेष जोर दिखाई दिया।