पटना - भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका कोई नया गाना या फिल्म नहीं, बल्कि छठ पूजा को लेकर शुरू हुआ विवाद है। हाल ही में अक्षरा सिंह छठी मैया की पूजा करती नजर आई थीं। इस दौरान वह पानी में खड़ी होकर अर्घ्य देती दिखाई दीं और उनके माथे पर नारंगी सिंदूर भी नजर आया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने उनके अविवाहित होने के बावजूद छठ पूजा करने पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने उनकी आस्था पर टिप्पणी की, तो कुछ ने इसे प्रचार का तरीका बताया। अब अक्षरा ने ट्रोल करने वालों को अपने अंदाज में जवाब दिया है।
छठ पूजा को लेकर उठे सवालों पर अक्षरा का पलटवार
अक्षरा सिंह ने सोमवार शाम 16 नवंबर को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए आलोचकों को जवाब दिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैंने छठी मैया को अर्घ्य दिया और कुछ लोगों ने मेरे ब्याह की चिंता का अर्घ्य दे दिया। एक सवाल मेरा भी है - अगर कुंवारा लड़का छठ कर सकता है तो कुंवारी लड़की क्यों नहीं? कोई तर्क है तो बताइए, मैं जरूर सुनूंगी।'
अक्षरा की इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई। उन्होंने अपने सवाल के जरिए उन लोगों की सोच पर प्रतिक्रिया दी, जो किसी महिला की धार्मिक आस्था को उसकी वैवाहिक स्थिति से जोड़कर देख रहे थे।
मेरी आस्था पर सवाल उठाने का अधिकार किसने दिया?
अभिनेत्री ने अपनी बात आगे रखते हुए कहा कि छठ पूजा जैसे पवित्र पर्व को भी कुछ लोग दूसरों की आस्था पर सवाल उठाने का माध्यम बना रहे हैं। उन्होंने इस तरह की टिप्पणियों पर दुख जाहिर किया। अक्षरा का कहना है कि उनकी श्रद्धा और विश्वास का रिश्ता उनके और छठी मैया के बीच है। इसके लिए उन्हें किसी की अनुमति या मंजूरी की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आलोचना करने वालों से यह भी सवाल किया कि आखिर किसी दूसरे व्यक्ति की पूजा-पद्धति और आस्था पर सवाल उठाने का अधिकार उन्हें किसने दिया।
पानी में खड़े होकर दिया था छठी मैया को अर्घ्य
दरअसल, छठ पूजा के दौरान अक्षरा सिंह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इन वीडियो में वह पानी में खड़ी होकर सूर्य देव को अर्घ्य देती और छठी मैया की आराधना करती दिखाई दी थीं। उनके माथे पर नारंगी सिंदूर भी चर्चा का विषय बन गया था।
इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी वैवाहिक स्थिति को लेकर सवाल उठाए। वहीं, कई लोगों ने अभिनेत्री का समर्थन करते हुए कहा कि आस्था का संबंध किसी व्यक्ति के विवाहित या अविवाहित होने से नहीं होना चाहिए। इस पूरे मामले पर अक्षरा की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर छठ पूजा और व्यक्तिगत धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर बहस छेड़ दी है।
पवन सिंह के बयान के बाद भी चर्चा में आई थीं अक्षरा
अक्षरा सिंह हाल ही में एक अन्य वजह से भी सुर्खियों में रही थीं। मुंगेर के दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान भोजपुरी गायक और अभिनेता पवन सिंह ने उनके प्रति अपनापन जताते हुए पुराने विवादों के लिए माफी मांगने की बात कही थी। पवन सिंह ने मंच से अक्षरा को अपना बच्चा बताते हुए कहा था, 'अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बच्चा है।' उन्होंने अक्षरा के माता-पिता के प्रति सम्मान जाहिर किया और उनसे भी माफी मांगने की बात कही। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां मौजूद दर्शकों से यह सवाल भी किया था कि कौन दोनों को फिर से साथ देखना चाहता है।
पवन सिंह के बयान पर पत्नी ज्योति की प्रतिक्रिया भी चर्चा में
पवन सिंह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसके बाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह की प्रतिक्रिया भी चर्चा का विषय बन गई थी। इस पूरे घटनाक्रम ने भोजपुरी इंडस्ट्री में पुराने रिश्तों और विवादों को फिर से सुर्खियों में ला दिया। फिलहाल अक्षरा सिंह का छठ पूजा को लेकर दिया गया जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रहा है। अभिनेत्री ने साफ कर दिया है कि उनकी धार्मिक आस्था उनका निजी विषय है और वह इसे लेकर किसी की आलोचना से प्रभावित नहीं होना चाहतीं।