कोलकाता: कोलकाता के कॉलेज स्ट्रीट में SFI के बुकस्टॉल को लेकर हुए विवाद के बीच Students’ Federation of India (SFI) के महासचिव सृजन भट्टाचार्य ने ABVP, BJP और RSS पर निशाना साधा है। IND 24 से खास बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि ABVP और उससे जुड़े संगठन किताबों, ज्ञान और शिक्षा के खिलाफ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज स्ट्रीट में कलकत्ता विश्वविद्यालय के सामने SFI की ओर से लगाए गए बुकस्टॉल में केवल मार्क्स, एंगेल्स और लेनिन से जुड़ी किताबें ही नहीं, बल्कि स्वामी विवेकानंद, रवींद्रनाथ टैगोर, सुकुमार राय और ईश्वरचंद्र विद्यासागर जैसे महान व्यक्तित्वों से संबंधित पुस्तकें भी मौजूद हैं।
सृजन भट्टाचार्य ने कहा कि इन किताबों में देश के सामाजिक सुधारकों और स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में भी साहित्य उपलब्ध है। अगर ABVP को इन किताबों की विचारधारा से आपत्ति है, तो उसे भी अपना बुकस्टॉल लगाकर अपनी पसंद की किताबें लोगों के सामने रखनी चाहिए। इसके बाद यह फैसला जनता पर छोड़ देना चाहिए कि कौन-सी किताब और विचारधारा उन्हें बेहतर लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा करने के बजाय SFI के बुकस्टॉल को निशाना बनाया जा रहा है।
'ABVP ने हमारे बुकस्टॉल को लोकप्रिय बना दिया'
SFI महासचिव ने कहा कि बुकस्टॉल को लेकर लगातार हो रहे विरोध से उनकी मुहिम और अधिक चर्चा में आ गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ABVP को धन्यवाद देना चाहिए, क्योंकि उसके विरोध ने SFI के बुकस्टॉल को लोकप्रिय और प्रचारित कर दिया है।
दुर्गा पूजा से ईद और क्रिसमस तक जारी रहेगा बुकस्टॉल अभियान
आगे की रणनीति पर बात करते हुए सृजन भट्टाचार्य ने कहा कि SFI का बुकस्टॉल अभियान केवल कॉलेज स्ट्रीट तक सीमित नहीं रहेगा। संगठन दुर्गा पूजा, काली पूजा और दीपावली के दौरान भी अलग-अलग जगहों पर बुकस्टॉल लगाता रहा है। ईद और क्रिसमस जैसे त्योहारों के दौरान भी यह परंपरा जारी रहती है।
उन्होंने कहा कि अगर छात्रों को बुकस्टॉल लगाने से रोका जाएगा, तो SFI के कार्यकर्ता और छात्र हर क्लास, कॉरिडोर, बेंच और मोहल्ले तक किताबें लेकर पहुंचेंगे। उनके मुताबिक, बंगाल की संस्कृति और इतिहास का किताबों तथा शिक्षा से गहरा रिश्ता है, जिसे आसानी से नहीं तोड़ा जा सकता।
'जनता की समस्याएं छोड़ किताबों के पीछे पड़ी सरकार'
सृजन भट्टाचार्य ने राज्य की BJP सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार को सत्ता में आए छह महीने हुए हैं और उसे आम लोगों की रोटी, कपड़ा और मकान से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उनके अनुसार, जनता की बुनियादी परेशानियों का समाधान करने के बजाय किताबों और बुकस्टॉल को लेकर विवाद में उलझना उचित नहीं है।
कॉलेज स्ट्रीट में SFI के बुकस्टॉल को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बन गया है। एक तरफ SFI इसे किताबों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मामला बता रहा है, वहीं इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ABVP और SFI के बीच टकराव जारी है।