देवास | मध्य प्रदेश के देवास बस स्टैंड पर बुधवार को यातायात पुलिस ने बस संचालकों के खिलाफ सख्ती दिखाई। परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर मनमाने समय पर बसों का संचालन करने वाले संचालकों को बुलाकर चेकिंग की गई। वहीं, बिना निर्धारित परमिट समय के बस स्टैंड पर खड़ी बसों को भी हटवाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बस स्टैंड पर पहले की तुलना में काफी कम बसें नजर आईं। जहां आमतौर पर सुबह से शाम तक कई बसें खड़ी रहती थीं, वहीं कार्रवाई के बाद इक्का-दुक्का बसें ही दिखाई दीं। यातायात पुलिस ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परमिट में दर्ज समय के अनुसार ही बसों का संचालन करना होगा। यदि किसी बस का समय आगे-पीछे किया गया तो उसे जब्त किया जा सकता है।
देवास-इंदौर रूट पर रोज चलती हैं करीब 38 बसें
देवास से इंदौर के बीच रोजाना करीब 38 बसों का संचालन होता है। इनमें से कुछ बसें तीन तो कुछ चार फेरे लगाती हैं। बसों के संचालन के समय को लेकर लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। कुछ संचालकों के बीच परमिट में दर्ज समय से अलग समय पर बस चलाने को लेकर मतभेद थे। आगे-पीछे के समय को लेकर आए दिन विवाद होते थे। पुलिस के समझाने पर संचालक कुछ समय के लिए मान जाते थे, लेकिन बाद में फिर विवाद शुरू हो जाता था। इस संबंध में शिकायतें वरिष्ठ अधिकारियों तक भी पहुंची थीं।
ट्रैफिक टीआई पवनकुमार बागड़ी ने दिखाई सख्ती
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार को ट्रैफिक टीआई पवनकुमार बागड़ी ने कार्रवाई करते हुए सभी बस संचालकों पर सख्ती की। संचालकों को बुलाकर परमिट और बस संचालन की स्थिति की जांच की गई। पुलिस ने साफ कर दिया कि अब किसी को भी अपनी मर्जी से बसों का समय बदलने की अनुमति नहीं होगी।
बसों की निगरानी के लिए तैनात होंगे पुलिस जवान
पुलिस के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह बसों के संचालन का समय आगे-पीछे होना है। इस कारण बस एजेंटों के बीच भी अक्सर झगड़े होते हैं। पुलिस का मानना है कि परमिट की शर्तों के अनुसार बसें चलने से विवाद की स्थिति को रोका जा सकेगा। इसके लिए बस स्टैंड पर पुलिस जवान भी तैनात किए जाएंगे। ये जवान बसों के निर्धारित संचालन समय पर नजर रखेंगे। नियमों का उल्लंघन करने और मनमाने समय पर बस चलाने वालों के खिलाफ बस जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।