मुंबई | भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को सपाट शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में रहा, जबकि निफ्टी गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करता दिखा। वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों का असर घरेलू बाजार पर भी नजर आया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी शुरुआती कारोबार के दौरान कमजोरी रही। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 42.35 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 82,074.16 पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 41.15 अंक यानी 0.16 प्रतिशत गिरकर 25,186.80 पर कारोबार कर रहा था।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी गिरावट
बाजार की शुरुआत में मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर दबाव देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 163.50 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60,815.85 पर था। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 22.65 अंक यानी 0.12 प्रतिशत टूटकर 19,308.95 पर कारोबार कर रहा था।
ऑटो और PSU बैंक शेयरों में खरीदारी
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी ऑटो, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी इंडिया डिफेंस शुरुआती कारोबार के टॉप गेनर्स में शामिल रहे। इनके अलावा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी कंजप्शन भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया, निफ्टी मेटल, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी एनर्जी में कमजोरी देखने को मिली।
सेंसेक्स के इन शेयरों में रही तेजी और गिरावट
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एसबीआई, भारती एयरटेल, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक, बीईएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एमएंडएम, सन फार्मा, एलएंडटी और कोटक महिंद्रा बैंक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, इन्फोसिस, इटरनल, एशियन पेंट्स, टेक महिंद्रा, टाइटन, एचयूएल, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, टीसीएस और पावर ग्रिड में गिरावट दर्ज की गई।
वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेत
एशियाई बाजारों में ज्यादातर सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। शंघाई, हांगकांग, ताइपे, बैंकॉक और सोल के बाजारों में कमजोरी रही, जबकि टोक्यो का बाजार हरे निशान में था। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए। डाओ जोन्स में 1.11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, जबकि टेक्नोलॉजी इंडेक्स नैस्डैक 0.42 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ।
FII निवेश और कंपनियों की कमाई से बाजार को सहारा
बाजार में तेजी के रुख को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की ओर से लगातार हो रही खरीदारी और कंपनियों की कमाई में वृद्धि से समर्थन मिल रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने अब तक FII का निवेश 94,299 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, शुरुआती कारोबार में वैश्विक बाजारों की कमजोरी और अलग-अलग सेक्टरों में बिकवाली के कारण बाजार में मिला-जुला रुख देखने को मिला।