भोपाल | प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। योजना के तहत प्रदेश के 10.87 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभ मिल चुका है। अब तक 17.22 लाख ऋण प्रकरणों के माध्यम से कुल 2,827 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। इस उपलब्धि के लिए मध्य प्रदेश को 20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026’ समारोह में सम्मानित किया जाएगा। केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। मध्य प्रदेश के साथ इंदौर, सारणी और बालाघाट नगरीय निकायों को भी सम्मान मिलेगा।
इंदौर देश में पहले, उज्जैन तीसरे और भोपाल चौथे स्थान पर
पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण वितरण में मध्य प्रदेश के कई शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।
- इंदौर: 2,02,407 ऋण वितरण के साथ देश में पहला स्थान।
- उज्जैन: 59,538 ऋण वितरण के साथ देश में तीसरा स्थान।
- भोपाल: 1,39,262 ऋण वितरण के साथ देश में चौथा स्थान।
इन आंकड़ों के आधार पर प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और स्ट्रीट वेंडर्स तक ऋण सुविधा पहुंचाने की उपलब्धि सामने आई है।
ब्याज मुक्त ऋण के साथ UPI लिंक्ड क्रेडिट कार्ड की सुविधा
पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही 30 हजार रुपये की लिमिट वाला यूपीआई लिंक्ड क्रेडिट कार्ड जारी करने की सुविधा भी दी जा रही है। योजना में 40 प्रतिशत महिला हितग्राहियों की भागीदारी तय की गई है। इसका उद्देश्य छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देने के साथ महिलाओं की भागीदारी को भी बढ़ावा देना है।
7.61 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स ने अपनाया डिजिटल लेनदेन
डिजिटल इंडिया अभियान के तहत मध्य प्रदेश में 7.61 लाख से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स डिजिटल लेनदेन अपना चुके हैं। इससे छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को डिजिटल भुगतान की व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिली है। प्रदेश में योजना के तहत लाखों लाभार्थियों तक ऋण पहुंचने और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलने के बाद अब स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026 में मध्य प्रदेश और तीन नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा।