भोपाल | मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिसंबर महीने के लिए संगठनात्मक गतिविधियों का मेगा प्लान तैयार किया है। इसके तहत प्रदेश की हर विधानसभा में ‘सेवा दूत’ अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलेगा। इसमें पूर्णकालिक कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
भोपाल में प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक
इस अभियान की तैयारियों और संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के लिए भोपाल में बीजेपी की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शामिल हुए। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
1 से 25 दिसंबर तक चलेगा ‘सेवा दूत’ अभियान
बीजेपी के विशेष अभियान के तहत 1 से 25 दिसंबर तक प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूर्णकालिक कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। इन कार्यकर्ताओं को ‘सेवा दूत’ अभियान के अंतर्गत स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर काम करना होगा। अभियान का मुख्य जोर बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर रहेगा। पार्टी की योजना है कि विधानसभा से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जाए।
शिवप्रकाश ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के दिए निर्देश
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती के लिए सक्रियता, समर्पण और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवा दूत अभियान में पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर जोर दिया। बैठक में यह भी कहा गया कि संगठन की असली ताकत उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं। पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही होगी तय
बैठक में संगठनात्मक कामकाज के साथ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिए गए कि केवल कार्यक्रम आयोजित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके परिणामों का मूल्यांकन भी जरूरी है। इसके अलावा जिला, मंडल और बूथ स्तर पर नियमित समीक्षा करने और बेहतर समन्वय बनाए रखने की बात कही गई। आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार कर उन्हें तय समयसीमा में पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया। बीजेपी का दिसंबर अभियान प्रदेशभर में संगठन की सक्रियता बढ़ाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी स्पष्ट करने और बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।