भोपाल | मध्य प्रदेश के लाखों पेंशनर्स के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें हर साल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) बनवाने के लिए बैंक या सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के साथ मिलकर घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा शुरू की है। इससे प्रदेश के करीब 10.50 लाख से 11.50 लाख पेंशनर्स को फायदा मिलने का अनुमान है। इस सुविधा का सबसे अधिक लाभ बुजुर्गों और उन पेंशनर्स को मिलेगा, जिन्हें स्वास्थ्य या अन्य कारणों से बैंक और सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने में परेशानी होती है। अब डाकिया घर पहुंचकर बायोमेट्रिक प्रक्रिया के जरिए उनका जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर सकेगा।
टोल फ्री नंबर 155299 पर करना होगा कॉल
घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनर्स को टोल फ्री नंबर 155299 पर कॉल करना होगा। इसके अलावा 'Postinfo' ऐप के माध्यम से भी रिक्वेस्ट दर्ज की जा सकती है। रिक्वेस्ट मिलने के बाद डाकिया पेंशनर के घर पहुंचेगा। वहां बायोमेट्रिक डिवाइस की मदद से अंगूठे का निशान या चेहरे का स्कैन किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार हो जाएगा।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के लिए कितना लगेगा शुल्क?
इस सुविधा के लिए प्रति प्रमाण पत्र 70 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रमाण पत्र तैयार होने के बाद पेंशनर्स इसे जीवन प्रमाण पोर्टल jeevanpramaan.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे।
Digital Life Certificate के लिए जरूरी दस्तावेज
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनर्स को कुछ जरूरी जानकारियां अपने पास रखनी होंगी। इनमें शामिल हैं:
-
आधार नंबर
-
पेंशन पेमेंट ऑर्डर (PPO) नंबर
-
बैंक खाते की जानकारी
-
आधार से लिंक मोबाइल नंबर
इन जानकारियों की मदद से घर पर ही पहचान और पेंशन संबंधी विवरण का सत्यापन किया जा सकेगा।
मध्य प्रदेश के किन पेंशनर्स को मिलेगा फायदा?
इस सुविधा के दायरे में प्रदेश के करीब 10.50 लाख से 11.50 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारी और परिवार पेंशनर्स आ सकते हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इनमें अलग-अलग श्रेणियों के पेंशनर्स शामिल हैं।
-
राज्य सरकार और निगम-मंडल: करीब 4.50 लाख पेंशनर्स
-
EPFO के EPS-95 पेंशनर्स: करीब 3.50 से 4 लाख
-
केंद्र सरकार, रेलवे, बैंक और सेना: करीब 2.50 से 3 लाख पेंशनर्स
इस तरह घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा से मध्य प्रदेश के लाखों पेंशनर्स को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर उन बुजुर्गों के लिए यह व्यवस्था उपयोगी हो सकती है, जिन्हें हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।