रायपुर। महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध हिंसा, मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं की रोकथाम के लिए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा आज पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के सभागार में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यशाला के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन का रूप देने तथा सभी संस्थाओं को टीम भावना से काम करने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा- घरेलू हिंसा को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज न करें
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायिक अधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद् और विषय विशेषज्ञ मौजूद रहे। आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा। राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा गंभीर सामाजिक समस्याएं हैं। इन पर प्रभावी रोकथाम के लिए कानूनों का सख्ती से पालन, प्रवर्तन एजेंसियों की सक्रियता और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। घरेलू हिंसा को किसी भी स्थिति में सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यशाला में निकलने वाले सुझावों को धरातल पर लागू करने पर भी जोर दिया।
मोबाइल और डिजिटल माध्यमों से बदल रहा मानव तस्करी का स्वरूप
कार्यशाला में चर्चा के दौरान सामने आया कि मानव तस्करी अब पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं है, बल्कि मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के जरिए भी इसका नेटवर्क संचालित हो रहा है। यह एक बड़े संगठित अपराध और व्यापार का रूप ले चुका है। मानव अंग प्रत्यारोपण भी इसके पीछे बताए जाने वाले कारणों में शामिल है। चर्चा में बताया गया कि छत्तीसगढ़ में मानव तस्करी का प्रमुख कारण श्रम शोषण है। इसके नियंत्रण के लिए छत्तीसगढ़ प्लेसमेंट एक्ट के तहत रोजगार के लिए राज्य से बाहर जाने वाले व्यक्तियों का पंजीकरण किया जाता है। इससे तस्करी जैसी घटनाओं पर नियंत्रण में मदद मिल रही है। विशेषज्ञों ने स्कूल छोड़ चुके बच्चों को मानव तस्करी के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील वर्गों में शामिल बताते हुए उनकी पहचान, सुरक्षा और संरक्षण के लिए विशेष प्रयास करने की आवश्यकता जताई। साथ ही कहा गया कि केवल कानून और पुलिस कार्रवाई से इस अपराध को समाप्त नहीं किया जा सकता। इसके लिए समुदाय की सक्रिय भागीदारी, गंभीर जांच, प्रभावी अभियोजन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
घरेलू हिंसा के मामलों में पीड़ित महिलाओं को मिले कानूनी संरक्षण
घरेलू हिंसा पर चर्चा के दौरान बताया गया कि यह मानव तस्करी के जोखिम को बढ़ाने वाले कारणों में से एक हो सकती है। विशेषज्ञों ने कहा कि हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने वाली महिलाओं को परिवार और समाज का सहयोग मिलना चाहिए। पीड़ित महिलाओं को केवल समझौते तक सीमित रखने के बजाय मामले की गंभीरता के अनुसार सिविल या आपराधिक कानूनी कार्रवाई के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत बताई गई। न्यायपालिका से संरक्षण आदेश और भरण-पोषण संबंधी आदेश समय पर जारी करने के प्रयासों पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा महिला आयोग के स्तर पर परामर्श की व्यवस्था, गंभीर मामलों में स्वतः संज्ञान, तथ्यों के आधार पर कार्रवाई और आयोग के अधिदेश के अनुरूप पीड़ित-केंद्रित कार्यवाही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर चर्चा हुई।
तीन तकनीकी सत्रों में हुआ विस्तृत विचार-विमर्श
कार्यशाला में विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सहभागिता से तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
पहला सत्र: मानव तस्करी-रोकथाम, बचाव एवं पुनर्वास
पहले सत्र की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने की और संचालन मजलिस की प्रोग्राम डायरेक्टर ऑड्रे डी’मेलो ने किया। सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय संयोजक रविकांत, जीवन झरना संस्था की प्रतिमा शर्मा, वरिष्ठ सिविल जज आलोक पांडेय और महिला आयोग की सदस्य दीपिका शोरी ने अपने विचार रखे। सत्र में मानव तस्करी के बदलते स्वरूप, संवेदनशील समुदायों की पहचान, पीड़ितों के बचाव, कानूनी सहायता, मुआवजे और पुनर्वास की चुनौतियों पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि केवल बचाव अभियान पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों का समाज में पुनर्स्थापन भी जरूरी है।
दूसरा सत्र: घरेलू हिंसा-मौन से न्याय तक
दूसरे सत्र की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव ने की। इसमें ऑड्रे डी’मेलो, केकती साहू, जिला कोरिया की संरक्षण अधिकारी विटबला श्रीवास्तव, सखी वन स्टॉप सेंटर जगदलपुर की केंद्र प्रशासक श्रद्धा श्रीवास्तव मल्ल, वरिष्ठ सिविल जज उमेश कुमार भगवतकर और महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी ने भाग लिया। इस सत्र में घरेलू हिंसा से प्रभावित महिलाओं के कानूनी अधिकारों, संरक्षण अधिकारियों की भूमिका, चिकित्सा एवं कानूनी सहायता, परामर्श और पुनर्वास की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित वातावरण और समय पर संस्थागत सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
तीसरा सत्र: अकादमिक परिप्रेक्ष्य-शोध, साक्ष्य एवं संस्थागत कार्रवाई
तीसरे सत्र की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सच्चिदानंद शुक्ला ने की। संचालन प्रो. प्रियंवदा श्रीवास्तव ने किया। कंसल्टेंट मनोचिकित्सक डॉ. सोनिया पारियाल, वरिष्ठ सिविल जज अविनाश कुमार दुबे, विशेषज्ञ प्रोतिति साहा और धमतरी की संरक्षण अधिकारी अनामिका शर्मा ने अपने विचार साझा किए। इस सत्र में मानव तस्करी और घरेलू हिंसा की रोकथाम में विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और अकादमिक जगत की भूमिका पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने शोध, साक्ष्य आधारित नीति निर्माण, कानूनी प्रशिक्षण और जमीनी अनुभवों के दस्तावेजीकरण को मजबूत करने की जरूरत बताई।
सीएम साय बोले- मानव तस्करी और घरेलू हिंसा के खिलाफ जन आंदोलन जरूरी
समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि न्यायपालिका, पुलिस प्रशासन और गैर सरकारी संस्थाएं घरेलू हिंसा एवं मानव तस्करी जैसे विषयों पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का प्रदेश में भी प्रभावी संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगभग 42 वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पलाइन 181 संचालित हैं। महिलाओं की सहायता के लिए महिला थानों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं। अब तक 33 किश्तों में 21,350 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। वहीं, 14 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। सीएम साय ने कहा कि यह कार्यशाला मानव तस्करी और घरेलू हिंसा की रोकथाम में उपयोगी साबित होगी, लेकिन इन सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए जन आंदोलन के स्तर पर भी काम करना होगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और इस दिशा में सामूहिक संकल्प लेने का आह्वान किया।
महिला सशक्तिकरण और संस्थागत समन्वय पर जोर
समापन अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और संवेदनशील संस्थागत व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता बताई। आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने दिनभर के विचार-विमर्श का सार प्रस्तुत करते हुए कहा कि मानव तस्करी और महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की रोकथाम के लिए सभी संबंधित संस्थाओं को जवाबदेही और पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ काम करना होगा। कार्यशाला में प्राप्त सुझावों के आधार पर पीड़ितों के संरक्षण एवं पुनर्वास, प्रभावी कानूनी सहायता, संस्थागत समन्वय, शोध आधारित नीति निर्माण और जमीनी स्तर पर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत रेखांकित की गई। राज्य महिला आयोग ने उम्मीद जताई कि कार्यशाला के निष्कर्ष प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में उपयोगी साबित होंगे।