मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के लिए विशेष शाखा (सुरक्षा) ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत प्रधान आरक्षक, आरक्षक (ट्रेड) और आरक्षक चालक (ड्राइवर) के पदों पर विभागीय कर्मचारियों से नामांकन मांगे गए हैं।
विशेष शाखा ने विशेष सशस्त्र बल समेत सभी संबंधित इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि योग्य कर्मचारियों के नाम 13 फरवरी तक भेजे जाएं। उम्मीदवार इकाई प्रमुख की अनुमति के बिना सीधे विशेष शाखा को आवेदन नहीं कर सकेंगे। चयन प्रक्रिया तय नियमों और मानकों के अनुसार की जाएगी।
भर्ती के तहत प्रधान आरक्षक (ट्रेड) के एक, आरक्षक (ट्रेड) के दो और आरक्षक चालक (ड्राइवर ट्रेड) के नौ पद भरे जाएंगे। यह प्रक्रिया पुलिस महानिदेशक द्वारा 14 अक्टूबर 2019 को जारी आदेश के अनुसार होगी।
आयु सीमा
आरक्षक चालक पद के लिए अधिकतम आयु सीमा 45 वर्ष तय की गई है। इसके साथ डीएसएएम कोर्स अनिवार्य होगा। चयन वाहन चालन परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा, जिसमें दोनों के 50-50 अंक निर्धारित हैं।
चयन मुख्य रूप से साक्षात्कार के आधार पर
वहीं, प्रधान आरक्षक और आरक्षक पदों के लिए चयन मुख्य रूप से साक्षात्कार के आधार पर होगा। आवेदकों को वर्ष 2020 से 2024 तक की पांच वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) की ग्रेडिंग आवेदन के साथ जमा करनी होगी।
लंबे समय से पद रिक्त
मुख्यमंत्री सुरक्षा विंग में लंबे समय से पद रिक्त रहने के कारण सुरक्षा व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने विभागीय प्रतिनियुक्ति और स्थानांतरण के आधार पर यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की है, जिसमें योग्यता, अनुभव और कार्य प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाएगी।
Comments (0)