रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव भवन, रायपुर में आज मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत गठित प्रदेश स्तर की समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस dअध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, एवं पूर्व मंत्री एवं मनरेगा बचाओ समन्वयक उमेश पटेल सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।
बैठक में जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आंदोलन को और प्रभावी, सशक्त एवं जनहितकारी बनाने के लिए दिशा-निर्देश तय किए गए।
विशेष रूप से धान खरीदी में हो रही अव्यवस्था और किसानों की परेशानियों को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 30 जनवरी को धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में चक्का जाम किया जाएगा। इसके अलावा, 31 जनवरी से 7 फरवरी तक सभी जिला कलेक्ट्रेटों में मनरेगा को लेकर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार ने धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय की है, लेकिन 10 दिन पहले से टोकन जारी करना बंद कर दिया गया। कई किसानों का धान अभी तक खरीदा नहीं गया है और कुछ के टोकन ही नहीं कटे हैं। ऐसे में किसानों के पास धान बेचने के लिए केवल 3 दिन बचे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस प्रभावित किसानों के समर्थन में किसान विरोधी सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी।
बैठक में उपस्थित अन्य नेताओं में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, सदस्य जें.पी. श्रीवास्तव, बीरेश ठाकुर, संदीप साहू, अमरजीत चावला, दीपक दुबे, भुनेश्वर बघेल, प्रमोद दुबे, विजय केशरवानी, शैलेश नितिन त्रिवेदी और संजीव शुक्ला शामिल थे।
Comments (0)