मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बजट में गरीब, किसान, महिला और युवा-इन चारों स्तंभों को प्राथमिकता दी गई है। इन वर्गों के उत्थान के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रावधान किए गए हैं, जिससे समावेशी विकास को बल मिलेगा।
शहरों के विकास के लिए 5 हजार करोड़, छोटे शहरों पर विशेष फोकस
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि बजट में शहरों के विकास के लिए 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही छोटे शहरों में स्थित तीर्थ स्थलों के विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल, महिला सशक्तिकरण को मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाने का निर्णय महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर आवास सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर
बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को भी प्राथमिकता दी गई है। गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता किया गया है साथ ही जिला अस्पतालों के अपग्रेडेशन पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, हजारों टूरिस्ट गाइड्स को रोजगार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हजारों टूरिस्ट गाइड नियुक्त किए जाएंगे। इससे न सिर्फ पर्यटन क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मध्यप्रदेश को मिलेगा केंद्र के अनुदान का लाभ
डॉ. मोहन यादव ने बताया कि बजट में राज्यों के लिए 1 लाख 40 हजार करोड़ रुपये का अनुदान रखा गया है, जिसका लाभ मध्यप्रदेश को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट विकास, विश्वास और जनकल्याण का बजट है।
Comments (0)