मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के बीच साइबर ठगी का खतरा बढ़ गया है। भोपाल साइबर क्राइम पुलिस ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि सोशल मीडिया, टेलीग्राम और व्हाट्सएप पर फैल रहे “पेपर लीक”, “फर्जी प्रश्नपत्र” और “सॉल्यूशन” पूरी तरह से झूठे हैं। इनके झांसे में आकर कई छात्र न सिर्फ पैसे गंवा रहे हैं, बल्कि मोबाइल हैक और बैंक फ्रॉड का भी शिकार हो रहे हैं।
अभिभावकों से अपील
पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, ग्रुप या व्यक्ति पर भरोसा न करें। बोर्ड परीक्षा से जुड़ी सही जानकारी केवल MPBSE की आधिकारिक वेबसाइट mpbse.nic.in से ही प्राप्त करें। किसी भी संदिग्ध मैसेज, फर्जी पेपर या APK फाइल मिलने पर तुरंत पुलिस या स्कूल प्रशासन को सूचित करें।
फर्जी ग्रुप बनाकर पुराने या नकली पेपर भेजते
साइबर क्राइम पुलिस के मुताबिक, ठग टेलीग्राम पर फर्जी ग्रुप बनाकर 500 से 2000 रुपये लेकर पुराने या नकली पेपर भेजते हैं। कई मामलों में लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो जाता है और बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं। इस तरह के गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने FIR भी दर्ज की है।
Comments (0)