पन्ना। अंधविश्वास और डर के मायाजाल में फंसा एक परिवार अपनी जीवनभर की कमाई गंवा बैठा, लेकिन पन्ना पुलिस की सतर्कता ने इस ठगी के तिलिस्म को तोड़ दिया। देवेंद्रनगर में गड़े हुए धन को निकालने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 18.75 लाख रुपये का मशरूका भी जब्त किया है।
पन्ना पुलिस ने 3 अंतरराज्यीय ठगों को किया गिरफ्तार, 18.75 लाख का मशरूका जब्त
अंधविश्वास और डर का ऐसा जाल बुना गया कि एक परिवार ने अपनी मेहनत की कमाई ठगों के हवाले कर दी। गड़े हुए धन को निकालने और चमत्कार का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। यह मामला पन्ना जिले के देवेंद्रनगर क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 18.75 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
तंत्र-मंत्र और अनहोनी का डर दिखाकर की ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फरियादी को गड़ा हुआ सोना निकालने का झांसा दिया और तंत्र-मंत्र के नाम पर परिवार पर अनहोनी होने का भय दिखाया। इसी डर और अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगों ने फरियादी को मैहर, अजमेर और पुष्कर जैसे धार्मिक स्थलों तक घुमाया। इस दौरान ‘गुप्त दान’ और पूजा-पाठ के नाम पर फरियादी से 6 लाख 81 हजार रुपये की ठगी की गई। पीड़ित को यह भरोसा दिलाया गया कि दान और विशेष अनुष्ठान से गड़ा हुआ धन प्राप्त हो जाएगा।
पुलिस की मुस्तैदी से टूटा ठगी का तिलिस्म
मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर तीन आरोपियों—नसीम, गफ्फार और राहुल—को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 5.50 लाख रुपये नकद, ठगी में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार सहित कुल 18.75 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वालों के लिए कड़ा संदेश बताया है। साथ ही आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के चमत्कार, तंत्र-मंत्र या गड़े धन के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Comments (0)