मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रसिद्ध गिर राष्ट्रीय उद्यान का दौरा किया,ये नेशनल पार्क एशियाई शेरों के लिए जाना जाता है,अपने भ्रमण के दौरान सीएम डॉ.मोहन यादव ने यहां के उत्कृष्ट वन प्रबंधन, वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता और सुव्यवस्थित पर्यटन व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि गिर राष्ट्रीय उद्यान वन संरक्षण और पर्यटन प्रबंधन का एक सफल मॉडल है।
मध्यप्रदेश में वन पर्यटन और संरक्षण की अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि पर्यटन और वन संपदा की दृष्टि से मध्यप्रदेश में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। गिर राष्ट्रीय उद्यान से प्राप्त अनुभवों और वहां की बेहतर व्यवस्थाओं का अध्ययन कर मध्यप्रदेश के वन क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों को अधिक समृद्ध, आकर्षक और विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
वन पर्यटन को बढ़ावा, टाइगर प्रबंधन पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में वन पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। टाइगर प्रबंधन को और सुदृढ़ करने के लिए वन विभाग के अमले में वृद्धि की गई है। गिर राष्ट्रीय उद्यान के भ्रमण के दौरान वन पर्यटन से जुड़ी व्यवस्थाओं को करीब से देखने का अवसर मिला, जिससे राज्य में बेहतर क्रियान्वयन की दिशा तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुजरात में वन विकास के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री कार्यकाल से लेकर अब तक उच्च स्तर पर विकास हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गुजरात के सफल मॉडलों से प्रेरणा लेकर मध्यप्रदेश में भी वन संरक्षण और पर्यटन प्रबंधन को नई दिशा दी जाएगी।
Comments (0)