मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गुजरात की पावन धरती भारत ही नहीं, बल्कि विश्व के अनेक देशों में धर्म, अध्यात्म, सनातन परम्परा, मानव कल्याण और सेवा के मूल्यों को चेतना से जोड़ने का कार्य कर रही है। इसी भूमि ने महात्मा गांधी और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसी महान विभूतियाँ देश को दीं और आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी गौरवशाली परम्परा को आगे बढ़ा रहे हैं। सऊदी अरब, अबूधाबी और अमेरिका सहित विश्व के विभिन्न देशों में स्वामीनारायण अक्षरधाम के पारंपरिक हिंदू मंदिरों तथा 600 से अधिक मंदिरों का निर्माण इस परम्परा की वैश्विक पहचान का प्रतीक है। ‘सत्संग दीक्षा’ जैसे शास्त्रसम्मत ग्रंथ की रचना और हजारों सेवाभावी, नवयुवक संतों का निर्माण सनातन संस्कृति को नई ऊँचाइयाँ प्रदान कर रहा है। यह गर्व का विषय है कि पूज्य महंत स्वामी महाराज की जीवन यात्रा की जड़ें मध्यप्रदेश से भी जुड़ी हुई हैं।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल भी उपस्थित रहे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को गुजरात के वडोदरा में पूज्य महंत स्वामी महाराज की 92वीं जन्म जयंती के अवसर पर उनके दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने महंत स्वामी महाराज को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की और आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में उनका शताब्दी समारोह और भी भव्य स्वरूप में आयोजित होगा। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल भी उपस्थित रहे।
भक्ति और सेवा की समृद्ध सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वडोदरा केवल एक नगर नहीं, बल्कि भक्ति और सेवा की समृद्ध सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। इस भूमि से गुरु परम्परा के उस दिव्य संदेश का प्रसार हो रहा है, जो भगवान स्वामीनारायण से लेकर पूज्य महंत स्वामी महाराज के जीवन में साकार रूप में दिखाई देता है। यह अमृतमयी परम्परा निरंतर प्रवाहित होती रहेगी। उन्होंने कहा कि संत ईश्वरस्वरूप होते हैं और उनकी सामूहिक उपस्थिति उस उद्यान के समान होती है, जहाँ अनेक पुष्प एक साथ खिलते हैं। अपनी शिक्षाओं के माध्यम से संत बालकों को आलोकित करते हैं और यही बालक भविष्य में भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाएंगे। दीक्षा ग्रहण करने वाले सभी बच्चे वंदन और अभिनंदन के पात्र हैं।
संस्कृत श्लोकों के सामूहिक पाठ से बना नया रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि महंत स्वामी महाराज की 92वीं जन्म जयंती के अवसर पर 15 हजार 666 बच्चों द्वारा एक साथ स्वामी जी द्वारा रचित ‘सत्संग दीक्षा’ ग्रंथ के 315 श्लोकों का सामूहिक पाठ किया जाना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिससे नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड भी स्थापित हुआ है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और गुजरात के मुख्यमंत्री पटेल ने महंत स्वामी महाराज से जनकल्याण हेतु आशीर्वाद प्राप्त किया, जबकि स्वामी जी ने दोनों मुख्यमंत्रियों का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया।
अद्भुत महिमा पर आधारित नाटक का मंचन किया गया
कार्यक्रम के दौरान गुणातीतानंद स्वामी के जीवन और अद्भुत महिमा पर आधारित नाटक का मंचन किया गया, जिसमें गौंड साम्राज्य के राजा श्री भगवत सिंह के चरित्र के माध्यम से उनके सामाजिक और धार्मिक योगदान को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। इससे पूर्व वडोदरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव के आगमन पर गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
Comments (0)