सर्द हवाओं के असर से प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस उमरिया में दर्ज किया गया। शहडोल और कटनी जिलों में शीतलहर का प्रभाव देखा गया।भोपाल और ग्वालियर में हल्का कोहरा छाया रहा। दिन का सर्वाधिक तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस उज्जैन में रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार और सोमवार को रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में शीतलहर का असर बना रह सकता है। वहीं ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के जिलों में कोहरा छाने की संभावना है।
प्रदेश में रविवार का मौसम
रविवार को पूर्वी मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव रह सकता है। उत्तरी मध्यप्रदेश के जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम के मिजाज में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। सोमवार से प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल छा सकते हैं।
यह सिस्टम सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में हवा के ऊपरी हिस्से में चक्रवात के रूप में सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिणी पाकिस्तान और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर भी ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है।उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 269 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। साथ ही 19 और 21 जनवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभों के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना जताई गई है।
Comments (0)