मौसम विभाग के अनुसार 18 जनवरी को राजधानी रायपुर में हल्की धुंध छाई रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदेश में ठंड का असर लगातार बना हुआ है, खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में शीतलहर का प्रभाव दर्ज किया गया है और 18 जनवरी को भी ठंड बनी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में कहां चली शीतलहर
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में सरगुजा, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बनी रही। इस दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
जगदलपुर सबसे गर्म, अंबिकापुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम रहा।
Comments (0)