पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के ग्राम जरधोवा में जंगली जानवर के हमले में एक आदिवासी बालक की दर्दनाक मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। यह घटना पन्ना टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्र की है, जहां लगातार बढ़ रही वन्यजीव गतिविधियां ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह पीड़ित परिवार से मिलने ग्राम जरधोवा पहुंचे और उन्हें ढांढस बंधाया। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹8.15 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।
प्रशासन और विधायक निधि से तत्काल राहत
विधायक के साथ पन्ना टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर वीरेंद्र कुमार पटेल भी मौजूद रहे। पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ₹8 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई। इसके अतिरिक्त विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने अपनी विधायक निधि से ₹15,000 की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
संवेदना व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा
परिजनों से चर्चा के दौरान विधायक भावुक नजर आए। उन्होंने कहा— “एक मासूम बच्चे को खोने का दर्द अपूरणीय है। कोई भी धनराशि इस क्षति की भरपाई नहीं कर सकती। यह पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद घटना है। मेरी गहरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग के लिए मैं सदैव उनके साथ खड़ा रहूंगा।”
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
मुलाकात के दौरान विधायक ने पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों से घटना के कारणों और क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर चर्चा की। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
Comments (0)