विट्ठलेश सेवा समिति द्वारा कुबरेश्वर धाम में आयोजित रुद्राक्ष महोत्सव और शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में भोपाल और देवास जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर यातायात डायवर्जन योजना को अंतिम रूप दिया गया।
यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव
महोत्सव के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए नई यातायात व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था 12 फरवरी सुबह 6 बजे से 21 फरवरी सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
भोपाल से इंदौर की ओर जाने वाले भारी वाहन
ट्रक और अन्य बड़े वाहन परवलिया मुबारकपुर जोड़ एवं खजूरी तुमड़ा जोड़ से डायवर्ट होकर श्यामपुर, कुरावर, ब्यावरा और शाजापुर होते हुए मक्सी-देवास पहुंचेंगे।
- इंदौर-देवास से भोपाल की ओर आने वाले भारी वाहन
- ये वाहन मक्सी, शाजापुर, ब्यावरा और श्यामपुर मार्ग से भोपाल पहुंचेंगे।
हल्के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
भोपाल से इंदौर जाने वाली कारें और यात्री बसें सीहोर न्यू क्रिसेंट चौराहे से भाऊखेड़ी जोड़ और अमलाहा के रास्ते आष्टा होते हुए इंदौर जा सकेंगी। वापसी के लिए भी यही मार्ग निर्धारित किया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
कुबरेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं के निजी वाहन सीधे कथा स्थल तक पहुंच सकेंगे। उनके लिए धाम परिसर में विशाल पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
रेलवे स्टेशन पर भी विशेष इंतजाम
आईजी देहात जोन संजय तिवारी और डीआईजी राजेश सिंह चंदेल ने रेलवे व आरपीएफ अधिकारियों के साथ बैठक कर भीड़ प्रबंधन पर चर्चा की। रेलवे स्टेशन पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे, जहां पेयजल, शौचालय और प्रकाश की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही, ट्रेनों की जानकारी पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार प्रसारित की जाएगी।
Comments (0)