मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नर्मदापुरम जिले में नर्मदा जयंती और नर्मदा लोक भूमि पूजन कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने जिले को 38 करोड़ रुपये से अधिक लागत के तीन विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां नर्मदा लोक के बनने से जिले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा मध्यप्रदेश की मां हैं और वे प्रदेश की आर्थिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक समृद्धि का केंद्र हैं। उनके आर्शीवाद से प्रदेश देश की फूड बास्केट बनने के साथ-साथ बिजली उत्पादन में भी सरप्लस राज्य बन गया है।
कई मंदिरों और धार्मिक कॉरिडोर का निर्माण भी किया जा रहा
मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई के घाटों और तीर्थों के संरक्षण और लोक कल्याण कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पुनर्जागरण हुआ है। इसके अनुरूप प्रदेश के कई मंदिरों और धार्मिक कॉरिडोर का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को मां नर्मदा जयंती की शुभकामनाएं दी।
मां नर्मदा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया
डॉ. यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 21 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले नर्मदा लोक का भूमिपूजन किया और नर्मदापुरम में मां नर्मदा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। नर्मदा लोक के अंतर्गत सेठानी घाट, पर्यटन घाट और कोरी घाट की सीढ़ियों का नवीनीकरण किया जाएगा। घाटों पर आकर्षक प्रवेश द्वार, वॉच टावर्स, सुव्यवस्थित पार्किंग और वस्त्र बदलने के लिए कियोस्क बनाए जाएंगे। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने 15 करोड़ रुपये की लागत से शहरी क्षेत्रों में वर्षा जल निकासी के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने 1.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 40 फीट ऊंचे त्रिशूल और 8 फीट ऊंची मां नर्मदा की भव्य मूर्ति का भी अनावरण किया।
Comments (0)