बाबा महाकाल की पावन नगरी उज्जैन आज एक ऐतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है। 14 जनवरी 2026 से श्री महाकाल महोत्सव – महालोक का भव्य शुभारंभ हो रहा है। महालोक परिसर में पहली बार आयोजित होने वाला यह पांच दिवसीय महोत्सव कला, संगीत, भक्ति और वैचारिक संवाद का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शाम 7 बजे श्री महाकाल महालोक में इस महोत्सव का विधिवत उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन 18 जनवरी तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित कलाकार भगवान शिव की आराधना को संगीत, नृत्य और भावनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से साकार करेंगे।
इस महोत्सव की विशेषता यह है कि हर दिन एक अलग थीम पर भव्य प्रस्तुतियां होंगी—
14 जनवरी (प्रथम दिवस):
प्रसिद्ध पार्श्वगायक शंकर महादेवन अपने पुत्रों सिद्धार्थ और शिवम् के साथ ‘शिवोऽहम्’ की संगीतमय प्रस्तुति देंगे। शाम 7 बजे से शुरू होने वाली यह भक्ति संध्या महाकाल लोक को शिव-नाद से गुंजायमान कर देगी।
15 जनवरी:
मुंबई का प्रसिद्ध द ग्रेट इंडियन क्वायर ‘शिवा’ थीम पर अपनी सुमधुर और भावपूर्ण प्रस्तुति देगा।
16 जनवरी:
जानी-मानी गायिका सोना महापात्रा अपनी विशिष्ट संगीत यात्रा से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।
17 जनवरी:
इंदौर के श्रेयश शुक्ला तथा मुंबई के विपिन अनेजा अपने बैंड के साथ सुगम संगीत की मनमोहक शाम प्रस्तुत करेंगे।
18 जनवरी (समापन दिवस):
महोत्सव का समापन अंतरराष्ट्रीय रंग में रंगा होगा, जहां इंडोनेशिया के कोकोरदा पुत्रा और श्रीलंका के अरियारन्ने कालूराच्ची दल द्वारा प्रस्तुत ‘शिव केंद्रित नृत्य नाटिका’ महोत्सव के वैश्विक स्वरूप को दर्शाएगी।
Comments (0)