मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट में प्रदेश के लिए कुछ भी नहीं है और मध्यप्रदेश का खाता खाली रहा है। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने पलटवार करते हुए बजट को राज्य के लिए फायदेमंद बताया है।
उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश के साथ केंद्रीय करों के मामले में कटौती की गई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी मध्यप्रदेश को अपना मायका बताती है, लेकिन ससुराल वाली सरकार ने मायके को ही भुला दिया। प्रदेश ने लोकसभा में 29 सांसद दिए, इसके बावजूद न तो राज्य को पूरा हक मिला और न ही सांसदों को कोई सम्मान दिया गया। बजट के समय डबल इंजन सरकार सिंगल इंजन बन जाती है।
उन्होंने कहा कि बजट में एक खास व्यापारी के लिए सेमीकंडक्टर योजना लाई जा रही है, जबकि आदिवासी और दलित योजनाओं के बजट में कटौती की गई है। जल जीवन मिशन में भी पैसा घटा दिया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “घर-घर मोदी, घर-घर पानी” का नारा दिया गया था, लेकिन न तो मोदी पहुंचे और न ही पानी।
सदन में हर विभाग की खामियां उठाएगी कांग्रेस
उमंग सिंघार ने कहा कि कुंभ और हिंदू धर्म को लेकर बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, लेकिन सिंहस्थ मेले के लिए बजट में कोई प्रावधान नहीं किया गया। राज्य सरकार ने सिंहस्थ के लिए 20 हजार करोड़ रुपये की मांग की थी, जो पूरी नहीं की गई।
केंद्रीय बजट को लेकर बीजेपी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान पर भी उन्होंने हमला बोला और कहा कि बीजेपी सालभर प्रचार करती रहे और हर वर्ग के बीच जाकर झूठे दावे करती है। उन्होंने कहा कि एमपी के बजट सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल पूरी तरह तैयार है और सदन में हर विभाग की कमियों को मजबूती से उठाया जाएगा।
Comments (0)