मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कृषि क्षेत्र के लिए नया अध्याय शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोकता बायपास से 1101 ट्रैक्टरों की रैली को हरी झंडी दिखाई। इस रैली में सीएम ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर हिस्सा लिया। इसके साथ ही कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ट्रैक्टर पर सवार होकर किसानों के साथ रैली में शामिल हुए। रैली से पहले मुख्यमंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक प्रसंग का उल्लेख किया।
गरीब, युवा, महिला और किसान कल्याण का संकल्प
रैली को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘कृषक कल्याण वर्ष’ पूरे साल चलेगा। उन्होंने सरदार पटेल द्वारा सोमनाथ मंदिर पुनर्निर्माण और राम मंदिर निर्माण तक भारत की सांस्कृतिक यात्रा का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह अभियान उद्योग-रोजगार वर्ष की तरह किसानों के कल्याण को केंद्र में रखकर चलाया जाएगा। वर्ष के अंत तक किसानों के लिए ठोस उपलब्धियां सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।
16 विभाग मिलकर करेंगे किसानों के लिए कार्य
सीएम ने बताया कि प्रदेश के 16 विभाग मिलकर किसानों के कल्याण के लिए काम करेंगे। कृषि विकास दर 16 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। किसानों की आय बढ़ाने और लागत घटाने के लिए कई उपाय लागू किए जाएंगे। ट्रैक्टर रैली के बाद मुख्यमंत्री जंबूरी मैदान पहुंचे, जहां भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने मिनी ट्रैक्टर पर बैठकर आधुनिक कृषि यंत्रों और तकनीकों की जानकारी भी ली।
Comments (0)