छत्तीसगढ़ में हाल ही में अवैध अफीम की खेती के मामले सामने आने के बाद राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने जिलों में संभावित क्षेत्रों का व्यापक सर्वे कराया जाए और 15 दिनों के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत रिपोर्ट एवं प्रमाण पत्र शासन को सौंपा जाए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन और कारोबार के प्रति पूरी तरह सख्त है। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। किसी भी जिले में अगर अवैध अफीम की खेती पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
भू-अभिलेख आयुक्त ने जारी किया पत्र
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद आयुक्त, भू-अभिलेख कार्यालय ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को पत्र जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि जिलों में सर्वे कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी अवैध अफीम की खेती नहीं हो रही हो। साथ ही, कलेक्टरों से यह भी कहा गया कि वे अपने जिले में अफीम की खेती नहीं होने संबंधी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं।
Comments (0)