प्रदेश के उत्तरी हिस्से में अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय चार मौसम प्रणालियों के असर से बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक मुरैना में 17 मिमी, पोरसा में 15 मिमी, सेंवढ़ा में 14 मिमी, आगर में 11 मिमी, अंबाह में 6 मिमी, गौतमपुरा में 3.8 मिमी, कैलारस में 3 मिमी, देपालपुर में 2.8 मिमी, घाटीगांव में 2.2 मिमी, जबकि डबरा, भीतरवार और सबलगढ़ में 2-2 मिमी बारिश दर्ज की गई।इस दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में रिकॉर्ड किया गया। दतिया और खजुराहो में घना कोहरा छाया रहा। सोमवार और मंगलवार को भी ग्वालियर एवं चंबल संभाग के जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है। अन्य क्षेत्रों में मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना कम है।
इस वजह से बदला प्रदेश का मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में चक्रवात के रूप में सक्रिय है, जिसके साथ एक द्रोणिका भी जुड़ी हुई है। इसके अलावा दक्षिणी हरियाणा और उससे सटे उत्तरी राजस्थान के ऊपर एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है।
इस चक्रवात से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक एक द्रोणिका गुजर रही है, जो गुजरात होते हुए आगे बढ़ रही है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 232 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। पांच फरवरी से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना जताई गई है।
ग्वालियर-चंबल में आज भी बारिश का अलर्ट
वातावरण में नमी बने रहने से ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रह सकती है। इन इलाकों में घने कोहरे की भी संभावना है। बादलों की मौजूदगी के कारण प्रदेश के अन्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
Comments (0)