मध्यप्रदेश में किसानों के लिए खुशखबरी है। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी के लिए 7 फरवरी से किसानों का पंजीयन शुरू किया जाएगा। इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। पंजीयन प्रक्रिया 7 मार्च तक चलेगी। इसके लिए प्रदेशभर में कुल 3,186 पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं।प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों का पंजीयन पूरी तरह निशुल्क रहेगा। किसान ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, तहसील कार्यालयों में बने सुविधा केंद्रों, सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
ऑनलाइन पंजीयन की भी सुविधा
किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे के माध्यम से भी पंजीयन करा सकेंगे। इसके लिए 50 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं सिकमी, बटाईदार, कोटवार और वन पट्टाधारी किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित केंद्रों पर ही किया जाएगा।
जिला अधिकारियों को दिए गए निर्देश
जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि रबी और खरीफ पंजीयन के दौरान जिन किसानों के मोबाइल नंबर उपलब्ध हैं, उन्हें एसएमएस के माध्यम से पंजीयन की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का लाभ उठा सकें।
Comments (0)