रायपुर । राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले संगठित सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। आजाद चौक थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक और आरोपी जितेंद्र खेतान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह सिंडिकेट से बच्चों को खरीदकर आगे उनका सौदा कराने के लिए दलाली करता था।
डेढ़ लाख रुपये में खरीदी थी बच्ची
पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र खेतान ने आरोपी कृतिका से डेढ़ लाख रुपये में एक बच्ची खरीदी थी। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है। अब डीएनए जांच के जरिए उसकी वास्तविक मां की पहचान की जाएगी, ताकि बच्ची को उसके जैविक परिवार से मिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।
अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शुरुआती जांच में पुलिस को संकेत मिले हैं कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
ऊंची जाति के बच्चों की थी मांग, जन्म प्रमाण-पत्र में फर्जीवाड़े का खुलासा
जांच में एक चौंकाने वाला पहलू भी सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सिंडिकेट में कथित तौर पर ऊंची जाति के बच्चों की मांग की जाती थी। इस मांग को पूरा करने के लिए बच्चों के जन्म प्रमाण-पत्र में जाति संबंधी जानकारी के साथ कथित तौर पर फर्जीवाड़ा कर उन्हें बेचने का खेल चल रहा था।
अस्पतालों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस का कहना है कि मामले में आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। साथ ही बच्चों के जन्म और दस्तावेजों से जुड़े पहलुओं की जांच के लिए अस्पतालों की भूमिका भी खंगाली जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है।