सुकमा: सुकमा जिले में खराब और बचे हुए विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे में CRPF के चार जवान घायल हो गए, जिनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। घटना भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुई।हादसे के बाद सभी घायल जवानों को कोंटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें भद्राचलम भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
विस्फोटक नष्ट करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक CRPF के कोंटा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में रखे खराब और बचे हुए विस्फोटकों को नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम यानी ATT को एलार्मडगु कैंप बुलाया गया था।गुरुवार को टीम कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया कर रही थी। इसी दौरान अचानक एक विस्फोटक का हिस्सा उड़कर पास में जा गिरा, जिसके बाद वहां जोरदार ब्लास्ट हो गया।
दो ASI गंभीर रूप से घायल
ब्लास्ट की चपेट में आने से ATT टीम के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हो गए।वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को भी चोटें आई हैं। दोनों को सामान्य चोटें बताई गई हैं।
कोंटा में प्राथमिक इलाज के बाद भद्राचलम भेजे गए
हादसे के तुरंत बाद चारों घायल जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें कोंटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया।गंभीर रूप से घायल जवानों की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे थे। बाद में बेहतर इलाज के लिए चारों घायल जवानों को भद्राचलम भेजे जाने की जानकारी दी गई।
SP ने दी जानकारी
सुकमा के एसपी ने बताया कि हादसे में घायल चारों जवान सुरक्षित हैं। उन्हें बेहतर उपचार के लिए भद्राचलम भेजा गया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।