रायपुर: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026 को लेकर देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां एक ओर कांग्रेस ने बजट को जनविरोधी और निराशाजनक करार दिया है, वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे भारत के विकसित और सुनहरे भविष्य की दिशा में अहम कदम बताया है।
भूपेश बघेल का तीखा हमला
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बजट 2026 पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट आम जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। उन्होंने कहा कि न तो कृषि क्षेत्र के लिए कोई ठोस घोषणा हुई, न उद्योगों के लिए और न ही रोजगार या मजदूर वर्ग के लिए कोई राहत दी गई।बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि बजट का असर यह दिखाता है कि शराब महंगी हो गई है और मछली सस्ती हुई है, लेकिन देश और खासकर छत्तीसगढ़ को कुछ भी नहीं मिला। उन्होंने शेयर बाजार में गिरावट को भी बजट से जोड़ते हुए इसे निराशाजनक बताया।
शराब महंगी, अवैध बिक्री की आशंका
पूर्व सीएम ने प्रदेश में शराब की दुकानों की संख्या बढ़ने और शराब महंगी होने को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आशंका जताई कि इससे अवैध शराब की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा।
माइनिंग कॉरिडोर पर कांग्रेस की आपत्ति
बजट 2026 में कई राज्यों में माइनिंग कॉरिडोर बनाने की घोषणा को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने पसंदीदा उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए यह नीति ला रही है।
बैज ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ के माइनिंग कॉरिडोर को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है, जबकि राज्य पहले से ही अत्यधिक खनन का सामना कर रहा है। उन्होंने इसे पूरे छत्तीसगढ़ को बेचने की कोशिश बताया।
छत्तीसगढ़ के साथ धोखे का आरोप
दीपक बैज ने कहा कि बजट 2026 में छत्तीसगढ़ के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं है। उन्होंने इसे राज्य के साथ धोखा बताते हुए कहा कि बजट में क्षेत्रीय असमानता साफ दिखाई देती है और जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, उन्हें राजनीतिक लाभ के लिए विशेष रियायतें दी गई हैं।
किसान, गरीब और महंगाई पर सवाल
पीसीसी अध्यक्ष ने केंद्र सरकार के गरीबी से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी करोड़ों लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने का दावा दोहराया गया है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट भाषण में जनता को गुमराह किया गया।
सीएम साय का समर्थन
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बजट 2026 को भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी दस्तावेज बताया है।
Comments (0)