उत्तरप्रदेश में मकर संक्रांति के दिन भी कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिली है। बर्फीली हवाओं और घने कोहरे के कारण लोगों की कंपकंपी छूट रही है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर शून्य दृश्यता (जीरो विजिबिलिटी) के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं कल से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश के आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज उत्तरप्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी यूपी के कई जिलों में घने से अत्यधिक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली में सुबह और शाम के समय अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के कारण सूरज के दर्शन भी देर से होने की संभावना है।
यूपी में आज भी घने कोहरे का अलर्ट
इसके अलावा शामली, बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, संभल, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, जालौन, झांसी, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, ललितपुर, प्रयागराज, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में भी आज घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से होगी बारिश
ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में गलन और बढ़ गई है। मैदानी इलाकों में करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही शीतलहर ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। बीते 24 घंटों में मुजफ्फरनगर और मेरठ में न्यूनतम तापमान गिरकर 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे ये जिले प्रदेश के सबसे ठंडे इलाकों में शामिल रहे। वहीं बरेली, कानपुर और हरदोई में भी ठंड का असर अधिक देखा गया।राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेशवासियों को ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है। 15 जनवरी से हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 18 और 19 जनवरी को उत्तरप्रदेश में देखने को मिलेगा। इस दौरान पश्चिमी यूपी के मेरठ, आगरा और सहारनपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
Comments (0)