मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के विवादित बयान से जुड़े मामले की आज सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होनी है। यह मामला भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रही थीं।
क्या है पूरा मामला
मामला मई 2025 का है, जब एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था— “जिन्होंने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा, उनकी बहन को भेजकर…” इस बयान को सेना की वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ अपमानजनक और सांप्रदायिक माना गया।
देशभर में हुआ था विरोध
मंत्री के बयान के बाद देशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मंत्री विजय शाह के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा मामला
19 जनवरी 2026 को हुई पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को दो सप्ताह के भीतर यह तय करने का निर्देश दिया था कि मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन (प्रोसिक्यूशन) की अनुमति दी जाए या नहीं।
आज सरकार को देना है जवाब
आज 9 फरवरी को होने वाली सुनवाई में राज्य सरकार को इस संबंध में अपना जवाब पेश करना है। कानूनी जानकारों के मुताबिक, आज की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट इस मामले में अंतिम निर्णय या आगे की कानूनी दिशा तय कर सकता है। फिलहाल, राजनीतिक और कानूनी दोनों हलकों की नजरें सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।
Comments (0)