देश की दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। लंबे समय से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही आशा भोसले को शनिवार रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मल्टी-ऑर्गन फेल्योर के कारण उनका निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
कम उम्र में शुरू हुआ संगीत सफर
आशा भोसले महान शास्त्रीय गायक दीनानाथ मंगेशकर की बेटी और लता मंगेशकर की छोटी बहन थीं। महज 9 साल की उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें बहुत कम उम्र में ही गायन शुरू करना पड़ा। उन्होंने सिर्फ 10 साल की उम्र में अपना पहला गाना गाया और इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
82 साल का शानदार करियर और हजारों गाने
आशा भोसले ने अपने 82 साल के लंबे करियर में 20 से अधिक भाषाओं में 12,000 से ज्यादा गाने गाए। उन्हें 9 फिल्मफेयर अवॉर्ड समेत 100 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। भारत सरकार ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी नवाजा था।
उनके मशहूर गानों में
इन आंखों की मस्ती
दम मारो दम
पिया तू अब तो आजा
चुरा लिया है तुमने
आज भी श्रोताओं के दिलों में बसे हुए हैं।
पीएम मोदी सहित कई हस्तियों ने जताया शोक
नरेंद्र मोदी समेत फिल्म और संगीत जगत की कई हस्तियों ने आशा भोसले के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आशा भोसले भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं। उनका संगीत सफर न केवल भारतीय संस्कृति को समृद्ध करता रहा, बल्कि दुनियाभर के लोगों के दिलों को छूता रहा। उन्होंने कहा कि आशा भोसले की आवाज में एक अनोखी और कालातीत चमक थी, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।