Miss Universe Organization ने 8 मार्च को अपने आधिकारिक Instagram अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें फातिमा बोश हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करती नजर आ रही हैं। संगठन ने इस पल को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहली बार कोई मिस यूनिवर्स हार्वर्ड में खड़ी होकर ऐसा संदेश दे रही है जो सिर्फ ताज तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के उद्देश्य, आवाज़ और संभावनाओं से जुड़ा है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया कि असली ताकत परफेक्शन में नहीं, बल्कि उद्देश्य, आवाज़ और दुनिया भर की महिलाओं के लिए नई संभावनाएं बनाने की हिम्मत में होती है।
छात्रों से बातचीत और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा
मेक्सिको की मॉडल फातिमा बोश 6 मार्च को अपने अंतरराष्ट्रीय दौरे के तहत हार्वर्ड यूनिवर्सिटी पहुंचीं। यहां उन्होंने कई छात्रों से मुलाकात की और उन सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की जिनका वह समर्थन करती हैं। उन्होंने बताया कि मिस यूनिवर्स बनने के बाद वह अपने मंच का इस्तेमाल सामाजिक बदलाव और सकारात्मक पहल के लिए करना चाहती हैं।
छात्र के सवाल से बदला माहौल
कार्यक्रम के दौरान बातचीत का माहौल अचानक बदल गया जब एक छात्र ने उनसे सीधे सवाल पूछा कि क्या वह अपना ताज छोड़ने पर विचार करेंगी। छात्र का कहना था कि कुछ लोगों का मानना है कि प्रतियोगिता के नतीजों में कथित “मैनिपुलेशन” यानी हेरफेर का असर हो सकता है।यह सवाल उनके कथित संबंधों को लेकर भी उठाया गया, जो व्यवसायी Raúl Rocha से जोड़े जा रहे हैं। रोचा पहले मेक्सिको में मिस यूनिवर्स फ्रेंचाइज़ के मालिक रह चुके हैं।
फातिमा बोश ने दिया जवाब
इस सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए फातिमा बोश ने साफ कहा कि उन्होंने इस खिताब को पाने के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि उनकी जीत पूरी तरह मेहनत, समर्पण और प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार हुई है। फिलहाल इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है, हालांकि आधिकारिक तौर पर प्रतियोगिता में किसी तरह की गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है।
Comments (0)