प्रयागराज महाकुंभ 2025 में चर्चा में आए IIT बाबा अभय सिंह ने इंजीनियर प्रतीका के साथ विवाह कर लिया है। उन्होंने बताया कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के अघंजर महादेव मंदिर में पारंपरिक तरीके से शादी की। इसके बाद 19 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की।
झज्जर में परिवार से मिले, मां ने किया स्वागत
सोमवार को अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ हरियाणा के झज्जर पहुंचे। यहां उनके परिवार ने बहू का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। मां ने तिलक लगाकर आरती उतारी और मिठाई खिलाकर गृह प्रवेश कराया।
सादगीपूर्ण जीवन जी रहा है दंपति
अभय सिंह ने बताया कि शादी के बाद दोनों फिलहाल हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रह रहे हैं और सादगीपूर्ण जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी नई जिंदगी से बेहद खुश हैं।
इंजीनियर से साधु बनने तक का सफर
अभय सिंह ने IIT बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और बाद में कनाडा में एक कंपनी में काम भी किया। अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़कर उन्होंने आध्यात्मिक मार्ग चुन लिया।
पत्नी प्रतीका भी हैं इंजीनियर, एक साल पहले हुई थी मुलाकात
प्रतीका मूल रूप से कर्नाटक की रहने वाली हैं और पेशे से इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि दोनों की मुलाकात करीब एक साल पहले हुई थी और अब वे साथ मिलकर जीवन के आध्यात्मिक लक्ष्य को आगे बढ़ा रहे हैं।
'सनातन यूनिवर्सिटी’ बनाने का सपना
प्रतीका ने बताया कि भविष्य में दोनों ‘सनातन यूनिवर्सिटी’ बनाने की योजना पर काम करना चाहते हैं। इसका उद्देश्य गुरु और साधकों को एक मंच पर लाना होगा, जहां अध्यात्म को आगे बढ़ाया जा सके।
महाकुंभ 2025 से हुए थे वायरल
महाकुंभ 2025 के दौरान साधु वेश में नजर आने के बाद अभय सिंह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए थे। IIT से सन्यास तक का उनका सफर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।