महाकुंभ में अपनी खूबसूरत आंखों के कारण सोशल मीडिया पर रातोंरात चर्चा में आईं वायरल गर्ल मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोनालिसा ने अपने कथित बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है। परिवार के विरोध के बाद उन्होंने केरल में पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। रिपोर्ट्स के अनुसार मोनालिसा मूल रूप से मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली हैं, जबकि उनके प्रेमी फरमान खान महाराष्ट्र के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक पर बातचीत के जरिए हुई थी और यहीं से दोनों के रिश्ते की शुरुआत हुई।
परिवार के विरोध के बाद पुलिस की शरण
बताया जा रहा है कि मोनालिसा तिरुवनंतपुरम के थंपनूर पुलिस स्टेशन अपने प्रेमी के साथ पहुंचीं और सुरक्षा की मांग की। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं है और पिता किसी अन्य युवक से शादी करने के लिए दबाव बना रहे थे। ऐसे में उन्होंने फरमान के साथ रहने का फैसला किया है।
पुलिस ने परिवार को दी कानूनी जानकारी
मोनालिसा की शिकायत के बाद पुलिस ने उनके पिता जय सिंह भोसले को भी थाने बुलाया। पुलिस ने परिवार को समझाया कि चूंकि मोनालिसा बालिग हैं, इसलिए उन्हें यह तय करने का कानूनी अधिकार है कि वे किसके साथ रहना चाहती हैं। इसके बाद मोनालिसा अपने बॉयफ्रेंड के साथ वहां से चली गईं।
महाकुंभ से मिली थी पहचान
प्रयागराज महाकुंभ मेले के दौरान माला बेचते समय मोनालिसा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। उनकी खूबसूरत आंखों को लेकर लोग उन्हें “महाकुंभ वायरल गर्ल” कहने लगे। इसके बाद उन्हें मनोरंजन और अभिनय की दुनिया में भी काम मिलने लगा। हालांकि, अब उनकी शादी की खबर को लेकर सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में नई बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों ने इसे निजी फैसला बताया है, तो वहीं कुछ ने इस पर सवाल भी उठाए हैं।
Comments (0)