अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव का असर पूरे क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है। मिसाइल हमलों और लगातार बिगड़ती परिस्थितियों पर बीते दिनों बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही ने अपनी चिंता जाहिर की थी और लोगों से शांति की अपील भी की थी। इसके बाद अभिनेत्री नोरा को खूब ट्रोल किया गया। वहीं, इस ट्रोलिंग पर अब नोरा का गुस्सा फूटा है और उन्होंने इस पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया जताई है।
मैं विश्व शांति के अपने रुख पर कायम हूं
बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें पहले तो उन्होंने फैंस को होली की शुभकामनाएं दीं और फिर ट्रोलिंग के मुद्दे को उठाया। एक्ट्रेस ने ट्रोलर्स पर तंज कसते हुए कहा , ‘मुझे लगता है कि बहुत से लोग समझने और सुनने की क्षमता खो चुके हैं। यह सब चीजें हमें स्कूल में सिखाई जाती हैं। जिसमें समझने की क्षमता, आलोचनात्मक सोच, पढ़ने की क्षमता और सुनने की क्षमता होती है। मुझे लगता है कि बहुत से लोग जीवन के इस चरण को छोड़ चुके हैं, खासकर अब सोशल मीडिया और फोन के जमाने में, लेकिन मैं विश्व शांति और एकता के अपने रुख पर कायम हूं।
मुझे यह समझ नहीं आ रहा है कि...
नोरा ने आगे कहा कि वो शांति और एकता बनाए रखने की सोच के साथ हमेशा खड़ी हैं। उन्होंने कहा 'मुझे यह समझ नहीं आ रहा है कि ऐसे लोग भी हैं इस दुनिया में जो शांति और एकता की बात करने से भी नाराज हो सकते हैं। यह हमारे समाज के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है। मैं हमेशा शांति के रास्ते पर हूं। कोई भी चीज मुझे डरा नहीं सकती।’
बता दें, इससे पहले नोरा फतेही ने मिडिल ईस्ट में तनाव के हालात के बारे में एक वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने फैंस को बताया कि वह पूर्ण सुरक्षित हैं। लोगों से वह इस बुरे वक्त में एकता और शांति बनाए रखने की अपील करती हैं।
Comments (0)