धुरंधर द रिवेंज' की जबरदस्त सफलता के बीच अभिनेता और सांसद रवि किशन ने फिल्म की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने इसे समाज का आईना बताते हुए कहा कि ऐसी फिल्में लोगों को सोचने पर मजबूर करती हैं।
धुरंधर-2 ने 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा किया पार
फिल्म धुरंधर द रिवेंज' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाते हुए नए रिकॉर्ड कायम किए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, धुरंधर द रिवेंज' ने महज 7 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है, जिससे यह सबसे तेजी से यह मुकाम हासिल करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। हालांकि फिल्म को लेकर समाज में दो तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक वर्ग जहां इसकी आलोचना कर रहा है, वहीं बड़ी संख्या में लोग इसके समर्थन में भी खड़े नजर आ रहे हैं। इसी बीच रवि किशन का बयान चर्चा में आ गया है।
सब जान गए क्यों नोटबंदी हुई
भारतीय जनता पार्टी के सांसद रवि किशन ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक जागरूकता फैलाने का माध्यम है। उनके अनुसार, फिल्म देखने के बाद लोगों को समझ आ रहा है कि नोटबंदी जैसे बड़े फैसलों के पीछे क्या कारण रहे होंगे। इसके साथ ही उन्होंने आगे फिल्म इंडस्ट्री से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ऐसी फिल्मों का निर्माण किया जाए जो समाज को दिशा देने का काम करें।
सिनेमा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए
भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के अभिनेता रवि किशन ने अपने इस बयान में आगे कहा कि, सिनेमा केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे सामाजिक मुद्दों को उजागर करने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। फिल्म की लगातार बढ़ती लोकप्रियता और इस पर हो रही बहस ने इसे सिर्फ एक ब्लॉकबस्टर ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक चर्चा का केंद्र भी बना दिया है।