अमेरिका इस समय एक खतरनाक बर्फीले तूफान की चपेट में है, जिसने पूरे देश में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। शनिवार सुबह उत्तर-पश्चिमी टेक्सास और ओकलाहोमा सिटी में भारी बर्फबारी के साथ तूफान की शुरुआत हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार यह तूफान बेहद व्यापक और विनाशकारी साबित हो सकता है।
15 राज्यों में आपातकाल, 15 करोड़ लोग प्रभावित
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमेरिका के 15 राज्यों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। अनुमान है कि करीब 15 करोड़ लोग इस तूफान से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होंगे। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और आपातकालीन दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
कहा-कहा होगी भारी बर्फबारी और कहर
अमेरिका के राष्ट्रीय मौसम सेवा विभाग ने चेतावनी दी है कि ओकलाहोमा से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक भारी हिमपात हो सकता है। कई इलाकों में सोमवार तक एक फुट से ज्यादा बर्फ जमने की आशंका है। इसके अलावा दक्षिणी मैदानों, मिसिसिपी घाटी, टेनेसी घाटी और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में तेज बारिश, ओले और बर्फबारी का खतरा बना हुआ है।
बिजली, सड़क और रोजमर्रा की जिंदगी पर असर
तूफान के कारण भारी मात्रा में बर्फ जमने से बिजली लाइनों के क्षतिग्रस्त होने और लंबे समय तक बिजली कटौती की आशंका जताई जा रही है। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। कई राज्यों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।
हवाई यातायात लगभग ठप, 8000 से ज्यादा उड़ानें रद्द
बर्फीले तूफान का सबसे बड़ा असर अमेरिका के हवाई यातायात पर पड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 8000 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। जो उड़ानें संचालित हो रही हैं, उनमें भी भारी देरी देखी जा रही है। कई एयरलाइंस ने अपने शेड्यूल में बदलाव किया है और कुछ हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद करने की नौबत आ सकती है।
2000 मील तक फैलेगा तूफान का प्रभाव
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह तूफान टेक्सास से लेकर न्यू इंग्लैंड तक करीब 2000 मील से अधिक क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका असर कई दिनों तक बना रह सकता है, जिससे जनजीवन, व्यापार और परिवहन व्यवस्था को भारी नुकसान होने की आशंका है।
प्रशासन और राहत एजेंसिया अलर्ट मोड पर
आपातकाल लागू होने के बाद प्रशासन, राहत एजेंसियां और बिजली कंपनियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। बर्फ हटाने वाली मशीनें, आपात सेवाएं और मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं ताकि हालात बिगड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
Comments (0)