सुबह का नाश्ता पूरे दिन की ऊर्जा के लिए बेहद जरूरी माना जाता है, लेकिन गर्मियों के मौसम में नाश्ते का चुनाव सोच-समझकर करना चाहिए। अधिक तला-भुना खाना, जैसे लुची, पराठा या ज्यादा मसालेदार भोजन, पेट में गैस, अपच और भारीपन की समस्या बढ़ा सकता है। ऐसे में हेल्थ एक्सपर्ट्स हल्का, पौष्टिक और आसानी से पचने वाला नाश्ता करने की सलाह देते हैं।
प्रोटीन और फाइबर से भरपूर नाश्ता क्यों है जरूरी?
विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है और शरीर को जरूरी पोषण भी देता है। फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है, जबकि प्रोटीन शरीर को ऊर्जा देने के साथ मांसपेशियों को मजबूत रखने में सहायक होता है।
गर्मियों में नाश्ते में क्या शामिल करें?
गर्म मौसम में ऐसे खाद्य पदार्थ चुनने चाहिए जो पेट को ठंडा रखें और आसानी से पच जाएं। नाश्ते में दही, ओट्स, मौसमी फल, स्प्राउट्स, पोहा, दलिया, उबले अंडे, पनीर या मूंग दाल चीला जैसे विकल्प शामिल किए जा सकते हैं। ये शरीर को ऊर्जा देने के साथ पेट की समस्याओं से बचाने में मदद कर सकते हैं।
तला-भुना खाने से क्यों बनानी चाहिए दूरी?
ज्यादा ऑयली और मसालेदार भोजन गर्मियों में पेट की गड़बड़ी, एसिडिटी और सुस्ती की वजह बन सकता है। इसलिए सुबह के समय हल्का और संतुलित भोजन करना स्वास्थ्य के लिए ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।