नई दिल्ली: देशभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच आयुष मंत्रालय ने लोगों को सेहतमंद रहने के लिए कई देसी उपाय सुझाए हैं। मंत्रालय के मुताबिक नौतपा के दौरान शरीर को ठंडा, हाइड्रेट और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए चीनी वाला दूध फायदेमंद हो सकता है। इसके साथ ही छाछ, सत्तू, नारियल पानी और नींबू पानी जैसे पारंपरिक पेय भी गर्मी से राहत देने में मददगार बताए गए हैं।
नौतपा में बढ़ेगी गर्मी की मार
मौसम विभाग के अनुसार 25 मई से 2 जून तक नौतपा रहेगा। इस दौरान कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। तेज धूप और लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और आयुष मंत्रालय ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
चीनी वाला दूध क्यों है फायदेमंद?
विशेषज्ञों के मुताबिक गर्मी में पसीने के जरिए शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स तेजी से बाहर निकलते हैं, जिससे कमजोरी और थकान महसूस होती है। दूध में कैल्शियम, पोटैशियम, प्रोटीन और पानी जैसे पोषक तत्व होते हैं, जबकि चीनी तुरंत ऊर्जा देने का काम करती है। इसी वजह से इसे गर्मी में एक देसी एनर्जी ड्रिंक की तरह देखा जा रहा है। आयुर्वेद में भी दूध को शरीर को शांत और ठंडा रखने वाला माना गया है। डॉक्टरों का कहना है कि ठंडा दूध शरीर को अंदर से राहत देने में मदद कर सकता है।
एक्सपर्ट्स ने दी सावधानी की सलाह
हालांकि डॉक्टरों और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स ने चेतावनी भी दी है कि ज्यादा चीनी वाला दूध हर किसी के लिए सही नहीं है। डायबिटीज, मोटापा या पेट संबंधी दिक्कत वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने कहा कि हीटवेव से बचाव के लिए सिर्फ चीनी वाले दूध पर निर्भर न रहें, बल्कि ORS, नारियल पानी, छाछ और पर्याप्त पानी का सेवन भी जरूरी है।
आयुष मंत्रालय ने दिए ये सुझाव
मंत्रालय ने दोपहर की तेज धूप से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है। इसके अलावा तरबूज, खीरा, खरबूजा, बेल का शरबत और सत्तू जैसे देसी पेय को भी गर्मी में बेहद फायदेमंद बताया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि सही खानपान और सावधानी अपनाकर नौतपा की भीषण गर्मी से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।