भोपाल: बर्ड फ्लू के खतरनाक H5N1 वायरस से मुर्गियों और पोल्ट्री उद्योग को बचाने की दिशा में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल के वैज्ञानिकों ने देश का पहला स्वदेशी बर्ड फ्लू टीका विकसित किया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) ने यह टीका H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a के खिलाफ तैयार किया है। इसकी एक खुराक से मुर्गियों को छह महीने तक सुरक्षा मिलेगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल स्थित संस्थान परिसर में इस टीके को लॉन्च करेंगे।
भोपाल के वैज्ञानिकों ने विकसित किया स्वदेशी टीका
ICAR-NIHSAD के वैज्ञानिकों ने H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a के खिलाफ यह निष्क्रिय (Inactivated) टीका विकसित किया है। इसके परीक्षणों में अंडा देने वाली और प्रजनन के लिए पाली जाने वाली मुर्गियों में अच्छे परिणाम सामने आए हैं।इस टीके का इस्तेमाल मुख्य रूप से व्यावसायिक पोल्ट्री फार्मों में लेयर्स और ब्रीडर्स मुर्गियों के टीकाकरण के लिए किया जाएगा। अब तक भारत में इस वायरस स्ट्रेन के खिलाफ व्यावसायिक उपयोग के लिए स्वदेशी टीका उपलब्ध नहीं था।
एक डोज से छह महीने तक मिलेगी सुरक्षा
इस टीके की सबसे बड़ी खासियत इसकी छह महीने तक सुरक्षा देने की क्षमता है। एक खुराक से मुर्गियों को लंबे समय तक बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाने में मदद मिलेगी।इससे पोल्ट्री फार्म संचालकों को बार-बार टीकाकरण कराने की जरूरत कम हो सकती है। खासतौर पर उन मुर्गियों के लिए यह टीका उपयोगी होगा, जिन्हें लंबे समय तक अंडा उत्पादन और प्रजनन के लिए पाला जाता है।
संक्रमण फैलने पर बड़ी संख्या में मारनी पड़ती हैं मुर्गियां
H5N1 वायरस मुर्गियों के लिए बेहद घातक माना जाता है। किसी पोल्ट्री फार्म में संक्रमण फैलने पर मुर्गियों की मृत्यु दर करीब 100% तक पहुंच सकती है। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए प्रभावित क्षेत्र में बड़ी संख्या में मुर्गियों को मारना पड़ता है।इससे पोल्ट्री कारोबारियों और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का प्रकोप सामने आया था। इसके बाद देश में 500 से ज्यादा बार संक्रमण के मामले दर्ज किए जा चुके हैं।शुरुआती प्रकोप के दौरान ही पोल्ट्री उद्योग को करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया था।
लेयर्स और ब्रीडर्स मुर्गियों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
इस टीके का सबसे ज्यादा लाभ लेयर्स और ब्रीडर्स मुर्गियों को मिलने की उम्मीद है।
- लेयर्स मुर्गियां: इनका इस्तेमाल अंडा उत्पादन के लिए किया जाता है।
- ब्रीडर्स मुर्गियां: इन्हें प्रजनन और चूजे तैयार करने के लिए पाला जाता है।
इन मुर्गियों का जीवनकाल ब्रॉयलर मुर्गियों की तुलना में अधिक होता है। ऐसे में इन्हें लंबे समय तक संक्रमण से सुरक्षित रखना जरूरी है। छह महीने तक सुरक्षा मिलने से पोल्ट्री फार्मों में बीमारी का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।
इंसानों में संक्रमण का खतरा कम करने में भी मदद
H5N1 वायरस केवल पक्षियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है। संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से मनुष्यों में संक्रमण फैलने का खतरा रहता है।इससे तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी और गंभीर निमोनिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं।विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2003 से अब तक दुनियाभर में इंसानों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत हुई है।मुर्गियों में संक्रमण को रोकने से वायरस के प्रसार का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इसके लिए पोल्ट्री फार्मों में जैव सुरक्षा, नियमित निगरानी और संक्रमित पक्षियों से दूरी बनाए रखना भी जरूरी होगा।
दूसरे देशों के टीके भारतीय वायरस के लिए नहीं थे पर्याप्त
चीन, मिस्र और वियतनाम जैसे देशों में भी बर्ड फ्लू से बचाव के लिए टीके विकसित किए गए हैं। लेकिन ये टीके वहां पाए जाने वाले वायरस के अलग-अलग क्लेड के आधार पर तैयार किए गए हैं।भारत में H5N1 वायरस का क्लेड 2.3.2.1a मुर्गियों के लिए गंभीर चुनौती रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए भोपाल के वैज्ञानिकों ने भारतीय परिस्थितियों और वायरस स्ट्रेन के अनुरूप स्वदेशी टीका तैयार किया है।
पशु चिकित्सकों की देखरेख में होगा टीकाकरण
इस टीके का इस्तेमाल व्यावसायिक पोल्ट्री फार्मों में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। निर्धारित मानकों के अनुसार पशु चिकित्सकों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की देखरेख में मुर्गियों को इसकी खुराक दी जाएगी।इसका मुख्य उद्देश्य बर्ड फ्लू के संक्रमण को नियंत्रित करना, मुर्गियों की मृत्यु दर कम करना और पोल्ट्री उद्योग को होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाना है।
20 नवंबर को शिवराज सिंह चौहान करेंगे लॉन्च
भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD परिसर में 20 नवंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इस स्वदेशी बर्ड फ्लू टीके को लॉन्च करेंगे। इस उपलब्धि को भारत में पशु चिकित्सा अनुसंधान और पोल्ट्री उद्योग के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।