इंदौर: इंदौर में एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में बुधवार रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से चार से पांच चार्टर्ड बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। हादसे के समय डिपो परिसर में आई-बस समेत कई अन्य बसें भी खड़ी थीं। आग फैलने की आशंका से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रात 2 बजे डिपो में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 2 बजे एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, डिपो परिसर के पास पड़े कचरे में आग लगी थी।हवा के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चार से पांच बसें इसकी चपेट में आ गईं।
आई-बस समेत कई बसें थीं डिपो में खड़ी
हादसे के वक्त डिपो परिसर में आई-बस और चार्टर्ड की कई अन्य बसें खड़ी थीं। आग की लपटें बसों तक पहुंचने के बाद दूसरी बसों के भी चपेट में आने का खतरा बढ़ गया।आग फैलने की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीमों ने अन्य बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया, ताकि नुकसान को बढ़ने से रोका जा सके।
हवा के कारण तेजी से फैली आग
डिपो परिसर में कचरे में लगी आग हवा के चलते तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें और आसमान में उठता धुएं का घना गुबार देखकर डिपो कर्मचारियों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब दो घंटे तक पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।दमकलकर्मियों ने आग को दूसरी बसों तक फैलने से भी रोका। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।