जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में संविधान दिवस पर कांग्रेस की ओर से निकाले गए संविधान रक्षा मार्च का एक वीडियो चर्चा में है। मार्च के दौरान एक बैलगाड़ी पर 50 से 55 कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सवार नजर आए। दो बैलों पर इतना भार डालने को लेकर पशु क्रूरता के सवाल उठने लगे हैं। बीजेपी ने इस मामले में कांग्रेस पर निशाना साधा, वहीं पीपुल्स फॉर एनिमल की ट्रस्टी ने भी राजनीतिक प्रदर्शनों में पशुओं के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई।
जबलपुर में कांग्रेस ने निकाला संविधान रक्षा मार्च
मध्य प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर जबलपुर में संविधान रक्षा मार्च निकाला। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान एवं नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। मार्च गोल बाजार से शुरू होकर सुपर मार्केट, अंधेरदेव, टाउन हॉल, तुलाराम चौक और मालवीय चौक होते हुए वापस गोल बाजार पहुंचा। करीब चार किलोमीटर लंबे इस मार्च में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ियों के जरिए यात्रा की। मार्च में राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और पूर्व बरगी विधायक एवं ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।
एक बैलगाड़ी पर 50 से 55 लोग सवार
मार्च के दौरान सामने आए वीडियो में एक बैलगाड़ी पर 50 से 55 लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। बैलगाड़ी को दो बैल खींच रहे थे। बताया जा रहा है कि नेताओं के करीब रहने और उनके साथ चलने की होड़ में कार्यकर्ता भी बैलगाड़ियों पर चढ़ गए। वहीं, राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा बैलगाड़ी के साथ चलते नजर आए, जबकि स्थानीय विधायक और पार्टी के अन्य नेता बैलगाड़ियों पर सवार थे। एक ही बैलगाड़ी पर इतनी बड़ी संख्या में लोगों के सवार होने से पशुओं पर पड़ने वाले अतिरिक्त भार और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस मामले पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की समझ समाज से परे है। किसी भी मुद्दे पर विरोध करने का उद्देश्य समाज के सामने स्पष्ट होना चाहिए। खंडेलवाल ने सवाल उठाया कि एक बैलगाड़ी पर इतने लोग क्यों सवार हुए? उन्होंने कहा कि आखिर इतनी उतावली क्यों है कि इंसानों के साथ-साथ बेगुनाह जानवरों पर भी अत्याचार करने से नहीं चूक रहे। उनके मुताबिक, इस घटना को लेकर समाज का हर व्यक्ति कांग्रेस की समझ पर सवाल खड़े कर रहा है।
पीपुल्स फॉर एनिमल ने भी जताई आपत्ति
पीपुल्स फॉर एनिमल की ट्रस्टी गौरी मुलेखी ने राजनीतिक रैलियों में पशुओं के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पशु कोई प्रदर्शन की वस्तु नहीं हैं और न ही उन्हें राजनीतिक रैलियों में तमाशे का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल और उनका उद्देश्य चाहे जो भी हो, पशुओं को राजनीतिक प्रदर्शन का माध्यम बनाना उचित नहीं है।
अनुच्छेद 51A(g) का भी दिया हवाला
गौरी मुलेखी ने संविधान के अनुच्छेद 51A(g) का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें सभी जीवित प्राणियों के प्रति करुणा रखने को नागरिकों का मूल कर्तव्य बताया गया है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए मार्च निकालना और उसी दौरान पशुओं के प्रति करुणा के इस संवैधानिक कर्तव्य की अनदेखी करना विरोधाभास है। संविधान के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता उसके मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाने से ही दिखाई देती है।