खरगोन: खरगोन जिले में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सुबह करीब 9:15 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। करीब 3 से 4 सेकंड तक धरती में कंपन होता रहा। अचानक आए झटकों से लोगों में दहशत फैल गई और वे अपने घरों से बाहर निकल आए। भीकनगांव समेत आसपास के इलाकों में भी भूकंप का असर महसूस किया गया। सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में कंपन महसूस होने पर बच्चों को तत्काल स्कूल भवन से बाहर निकालकर मैदान में ले जाया गया। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
सुबह 9:15 बजे अचानक कांपी धरती
खरगोन में शनिवार सुबह लोग अपने रोजमर्रा के कामों में जुटे थे, तभी अचानक धरती में कंपन होने लगा। करीब 3 से 4 सेकंड तक जमीन हिलती रही।भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। भीकनगांव और आसपास के क्षेत्रों से भी कंपन महसूस होने की जानकारी सामने आई है।
स्कूल में मची अफरा-तफरी, मैदान में पहुंचाए गए बच्चे
भूकंप का असर स्कूलों में भी देखने को मिला। सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में कंपन महसूस होते ही शिक्षकों ने सतर्कता बरती।सुरक्षा के मद्देनजर सभी बच्चों को स्कूल भवन से बाहर निकालकर मैदान में पहुंचाया गया।
खरगोन से 23 किलोमीटर दूर था भूकंप का केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र खरगोन से करीब 23 किलोमीटर दूर दर्ज किया गया।
भूकंप से जुड़ी जानकारी
तीव्रता: 4.5 रिक्टर स्केल
समय: सुबह 9:15 बजे
केंद्र: खरगोन से करीब 23 किलोमीटर दूर
धामनोद से दूरी: करीब 69 किलोमीटर दक्षिण
गहराई: 10 किलोमीटर
अक्षांश: 21.590 डिग्री उत्तर
देशांतर: 75.552 डिग्री पूर्व
कई इलाकों से मिली झटके महसूस होने की सूचना
खरगोन एसडीएम ने बताया कि जिले के कई इलाकों से भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिली है। प्रशासन की ओर से संबंधित क्षेत्रों से जानकारी जुटाई गई है।फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।