प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के नौ अधिकारियों के तबादलों के आदेश जारी किए। नई पदस्थापनाओं के तहत रुचिवर्धन मिश्रा को पुलिस महानिरीक्षक (IG) भोपाल ग्रामीण जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, हरिनारायणचारी मिश्र को पुलिस मुख्यालय (PHQ) में एससीआरबी के स्थान पर प्रशासन शाखा का दायित्व दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, शहडोल के पुलिस अधीक्षक (SP) रामजी श्रीवास्तव के स्थान पर कुमार अग्रवाल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, शाजापुर के पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत का तबादला कर उनकी जगह प्रियंका शुक्ला को नियुक्त किया गया है।
सागर-नर्मदापुरम को मिले नए आईजी
गृह विभाग के आदेश में चंद्रशेखर सोलंकी, जो अब तक विशेष सशस्त्र बल (SAF) इंदौर रेंज में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर कार्यरत थे, उन्हें नर्मदापुरम जोन का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा, यशपाल सिंह राजपूत को पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर तथा रामजी श्रीवास्तव को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) पुलिस अकादमी, भौंरी पदस्थ किया गया है। विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) आदर्श कटियार को दूरसंचार शाखा का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
वहीं, अनुराग को पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण जोन के साथ-साथ विशेष सशस्त्र बल (SAF) और आईएपीटीसी (IAPTC) इंदौर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। दूसरी ओर, अरविंद कुमार तिवारी को पुलिस अधीक्षक रेल, इंदौर के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।