भोपाल। मध्यप्रदेश में A+ कैटेगरी की नोटशीट से जुड़े लंबित तबादला आदेशों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मंत्रालय में अधिकारियों की अहम बैठक ली। बैठक में उन्होंने लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत तबादला आदेश आज रात 8 बजे तक हर हाल में जारी किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिकता वाले मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, उनमें तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लंबित मामलों पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की तबादला नीति जारी करते समय 20 मई को मंत्रिपरिषद ने निर्णय लिया था कि A+ कैटेगरी के सभी लंबित तबादला प्रकरणों का निपटारा 31 मई तक कर लिया जाएगा और 1 जून से आदेश जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने कहा कि तय समय सीमा के बावजूद कई विभागों ने अब तक आदेश जारी नहीं किए हैं, जो गंभीर लापरवाही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय के भीतर लंबित प्रकरणों का निराकरण कर आदेश जारी करें।
समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों से कहा कि शासन के निर्णयों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दोहराया कि स्वीकृत तबादला प्रकरणों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और सभी विभाग तय समयसीमा के भीतर आदेश जारी कर शासन के निर्देशों का पालन करें।