मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी है। रविवार को छिंदवाड़ा, मंदसौर और श्योपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी भोपाल में दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही बनी रही।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से अब तक प्रदेश में औसतन 163.1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य औसत से करीब 6 प्रतिशत कम है। हालांकि कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। देवास में औसत से 132 प्रतिशत, इंदौर में 89 प्रतिशत और भोपाल में 56 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं लगातार बारिश के कारण शिप्रा और ताप्ती नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।
अगले 15 घंटे के लिए भारी बारिश और आंधी का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार अगले 15 घंटों के दौरान प्रदेश के 20 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा 35 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहेगा और कई जिलों में लगातार बारिश की संभावना है।
अगले पांच दिन इन जिलों में भारी बारिश की संभावना
5 जुलाई सुबह 8:30 बजे से 6 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक बैतूल, बड़वानी, धार, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में कहीं-कहीं अति भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, अलीराजपुर, रतलाम, उज्जैन, देवास, अनुपपुर, कटनी, छिंदवाड़ा और सिवनी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
भोपाल समेत 35 जिलों में तेज हवाएं और गरज-चमक की चेतावनी
राजधानी भोपाल सहित विदिशा, सीहोर, राजगढ़, खरगोन, झाबुआ, इंदौर, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, शहडोल, उमरिया, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।