मध्यप्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र ने कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मध्यप्रदेश में मानसून का असर तेज
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसी सिस्टम के प्रभाव से पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की गई है।
इन जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने खरगोन और बड़वानी जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं बुरहानपुर, खंडवा, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, छिंदवाड़ा, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, रतलाम, उज्जैन, देवास, गुना, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और सागर जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है और छोटे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है।
भोपाल सहित कई जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका
राजधानी भोपाल समेत विदिशा, रायसेन, शाजापुर, आगर मालवा, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, रीवा, सतना, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला और सिवनी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है।
इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा बना रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में हुई जोरदार बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 206.1 मिलीमीटर वर्षा सेंधवा में रिकॉर्ड की गई। इसके बाद खातेगांव में 180 मिलीमीटर और कुंभराज में 150 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
इसके अलावा हरदा, खिरकिया, राहतगांव, बैतूल, कटनी, इंदौर, मंडला और सागर जिले के कई इलाकों में भी अच्छी वर्षा हुई। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना बना हुआ है।